राजनीति પ્રકાશિત:
पीआईबी चंडीगढ़ के पत्रकार प्रतिनिधिमंडल का राजस्थान दौरा सफलतापूर्वक संपन्न
पत्रकारों ने केंद्र सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों का किया अवलोकनजयपुर/चंडीगढ़ । पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), चंडीगढ़ द्वारा आयोजित पत्रकार प्रतिनिधिमंडल का राजस्थान दौरा 8 से 14 ...
पत्रकारों ने केंद्र सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों का किया अवलोकन
जयपुर/चंडीगढ़ । पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), चंडीगढ़ द्वारा आयोजित पत्रकार प्रतिनिधिमंडल का राजस्थान दौरा 8 से 14 मार्च, 2026 तक सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जोधपुर, जैसलमेर तथा जयपुर में केंद्र सरकार के विभिन्न संस्थानों, परियोजनाओं एवं विकास कार्यों का भ्रमण कर उनकी कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
जयपुर प्रवास के दौरान पत्रकार प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर पीआईबी चंडीगढ़ के मीडिया एवं संचार अधिकारी श्री अहमद खान ने प्रेस टूर के उद्देश्यों एवं कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में जानकारी दी।
प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान विधानसभा का भी दौरा किया। इस अवसर पर विधानसभा के उप निदेशक डॉ. लोकेश शर्मा ने सदन की कार्यप्रणाली, डिजिटल व्यवस्थाओं तथा संग्रहालय के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संग्रहालय में विधानसभा के पूर्व स्पीकरों एवं मुख्यमंत्रियों के वैक्स स्टैच्यू के साथ उनके जीवन एवं योगदान से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की गई है।
दौरे के दौरान पत्रकार दल ने जोधपुर स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) तथा राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) सहित अन्य प्रमुख शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान वहां संचालित अनुसंधान, नवाचार तथा शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की गई। इसके अतिरिक्त प्रतिनिधिमंडल ने कृषि एवं ग्रामीण विकास से संबंधित संस्थानों का भी अवलोकन किया और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
जैसलमेर प्रवास के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सम के रेत के टीलों का अवलोकन किया। साथ ही अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की गतिविधियों एवं कार्यप्रणाली को समझने के लिए लोंगेवाला, तनोट मंदिर तथा अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान सीमा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं तथा जवानों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की गई।
इसके अतिरिक्त प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर स्थित पत्र सूचना कार्यालय के कार्यों का भी अवलोकन किया तथा राजस्थान में पीआईबी द्वारा संचालित जनसंचार गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में मीडिया समन्वय, सरकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार तथा सूचना के सशक्त संप्रेषण पर विस्तृत चर्चा की गई।
यह दौरा पत्रकारों को केंद्र सरकार की योजनाओं, विकास परियोजनाओं तथा विभिन्न संस्थानों की कार्यप्रणाली को निकट से समझने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने इस दौरे को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।
Dr. Jarnail Singh मुख्य संपादक
Chief Editor - GajabHaryana
धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र, हरियाणा और राष्ट्रीय समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़ी प्रामाणिक पत्रकारिता।